AK-47 एवं हैंड ग्रैनेड मामले में बिहार के बाहुबली मोकामा विधायक अनंत सिंह दोषी करार, 21 जून को सजा पर होगी बहस



पटना। राजधानी पटना के बेऊर जेल में बंद मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत कुमार सिंह के पैतृक घर नदावां से बरामद प्रतिबंधित एके-47 एवं हैंड ग्रैनेड बरामदगी मामले में मंगलवार को एमपी/ एमएलए कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया।

कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए इस मामले में  उन्हें दोषी करार दिया है। इस मामले में कोर्ट विधायक अनंत सिंह को कितने दिनों की सजा सुनाएगी इस बिन्दु पर 21 जून को सुनवाई होगी।                                                        पुलिस अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष की बहस पूरा होने के बाद एमपी/एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश त्रिलोकी दूबे ने यह फैसला सुनाया।

एमपी/एमएलए कोर्ट ने इस मामले में विधायक अनंत सिंह और केयर टेकर सुनील राम पर 15 अक्टूबर 2020 में आरोप गठित किया था। इसके बाद इस कांड में नियुक्त विशेष लोक अभियोजक ने 13 पुलिस अभियोजन गवाहों को कोर्ट में पेश किया था। इसके बाद विधायक अनंत सिंह की ओर से बचाव पक्ष ने कुल 33 गवाह पेश किए गए। दोनों पक्षों की ओर से सुनवाई सोमवार को पूरी हो गई थी।

इस आपराधिक कांड को बिहार सरकार ने विशेष कांड की श्रेणी में रखा है और इस मामले में आरोपी के खिलाफ ट्रायल के लिए विशेष लोक अभियोजक को नियुक्त किया है। इस कांड का स्पीडी ट्रायल चलाया गया है। इस कांड का अनुसंधान बाढ़ अनुमंडल की तत्कालीन एएसपी लिपी सिंह ने किया था और विधायक अनंत कुमार सिंह और केयर टेकर सुनील राम के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दायर किया था।

क्या है पूरा मामला.. ?                        

पटना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह के पैतृक घर बाढ़ थाना क्षेत्र के नदावां (लदवां) गांव में तत्कालीक एएसपी लिपी सिंह भारी पुलिस बल के साथ 16 अगस्त 2019 को छापामारी की थी। इसमें पटना पुलिस, वरीय पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। पुलिस ने छापामारी में मोकामा विधायक के पैतृक घर से प्रतिबंधित हथियार एके-47, 33 जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामदगी को लेकर एफआइआर दर्ज किया था। बाढ़ थानाध्यक्ष सूचक बन कर एफआइआर दर्ज किया था। इस कांड का अनुसंधान तत्कालीन एएसपी लिपि सिंह ने किया था।

इस कांड में पटना पुलिस मोकामा विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। फरार चल रहे मोकामा विधायक दिल्ली के साकेत कोर्ट में अगस्त में सरेंडर किया था। इसके बाद पटना पुलिस ने विधायक अनंत सिंह को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड लेकर पटना के कोर्ट में पेश किया था।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्रमिक की चेन्नई में हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम । तीन दिन बाद गांव लाया गया शव, पत्नी की चित्कार से दहल उठा मोहल्ला

BPSC द्वारा प्रधानाध्यापक पद के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम घोषित

डॉ० अंकिता पाण्डेय को मिली एमबीबीएस की डिग्री, खिल उठे चेहरे