अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र बाढ़ में कार्यक्रम आयोजित
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र बाढ़ में कार्यक्रम आयोजित
आज दिनांक 8 मार्च 2026 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र बाढ़, पटना के परिसर में महिलाओं के सशक्तिकरण एवं कृषि में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिला कृषकों, स्वयं सहायता समूह की सदस्यों एवं ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमती विभा कुमारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बाढ़, केन्द्र के वरीय वैज्ञानिक डाॅ० रीता सिंह एवं जीविका खुशरुपुर से श्रीमती पूनम कुमारी एवं जीविका बाढ़ से श्रीमती अनामिका कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित किया।
केन्द्र के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ० रीता सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाएं कृषि, पशुपालन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन तथा खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर केन्द्र के महिला वैज्ञानिक डॉ० पुष्पम पटेल एवं श्रीमती संगीता कुमारी के साथ केन्द्र के मृदा विज्ञान के वैज्ञानिक श्री राजीव कुमार ने भी महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीक, पोषण वाटिका, मूल्य संवर्धन एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और कृषि आधारित उद्यम अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को अंग वस्त्र एवं प्रमाण पत्र के साथ सम्मानित भी किया गया तथा उन्हें भविष्य में प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। इस कार्यक्रम में पटना जिले के 75 महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं को एक एक फलदार पौधा देकर महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें