महिला की गला काट कर हत्या, घर में ही मिला शव
पति की मृत्यु के बाद घर में अकेली रहती थी महिला, एफएसएल टीम को बुलाया गया
विद्यापतिनगर। थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक महिला का सिर कटा शव उसके ही घर से बरामद किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। मृतक महिला की पहचान मऊ धनेश्वर उत्तर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या एक दमदमा गांव में रहने वाली गांगो पासवान की पत्नी उर्मिला देवी (50 वर्ष) उर्फ जट्टा बाली (उपनाम) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मुखिया विवेकानन्द सिंह ने बताया कि मृतिका मूल रूप से साहिट पंचायत के मलकल्लीपुर गांव की निवासी थी। वह गत पांच वर्ष पूर्व वार्ड संख्या एक में सड़क के किनारे सरकारी भूमि पर झोपड़ी बना कर रहती थी। उसके पति की मौत पहले ही हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि उक्त महिला गांगो पासवान की दूसरी पत्नी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला घर में अकेली रहती थी। गुरुवार की सुबह महिला की भैंस चारा के लिए चिल्ला रही थी, तब आस-पास के लोगों ने घर में जा कर देखा तो महिला का सिर कटा शव विस्तार पर पड़ा था। घटना की सूचना तत्काल पंचायत के मुखिया और पुलिस को दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष फिरोज आलम व सर्किल इंस्पेक्टर नीरज तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए हैं। सर्किल इंस्पेक्टर नीरज तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की मदद ले रही है। आस-पास के लोगों से भी महिला के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। इधर महिला की हत्या से पूरे गांव में सनसनी फ़ैल गई। लोग कुछ भी कहने से बच रहे हैं। वहीं हत्या की इस गुत्थी को सुलझाते में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं।
रिपोर्ट,; विकास कुमार पाण्डेय, समस्तीपुर
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें