कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र की शुरुआत, मंदिरों में गूंजा मां के नाम का जयकारा
संवाद आपतक। प्रखंड क्षेत्र में दस दिनों तक चलने वाले शारदीय नवरात्र की शुरुआत गुरुवार को कलश स्थापना के साथ हुई। इस अवसर पर विभिन्न दुर्गा मंदिरों, पूजा पंडालों के साथ-साथ घरों में लोगों ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ शारदीय नवरात्र की शुरुआत पर कलश स्थापना कर शक्ति की अधिष्ठात्री देवी माता दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की तथा संपूर्ण विश्व के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। 10 दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान को लेकर मंदिरों से लेकर घरों तक में विशेष तैयारी की गई है। सुबह-सवेरे से ही लोग पूरे भक्तिभाव से गंगा स्नान कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना कर माता दुर्गा की पूजा अर्चना शुरू की। शारदीय नवरात्र को लेकर प्रखंड के बढ़ौना, हरपुर बोचहा, वाजिदपुर, मऊ बाजार, शेरपुर, विद्यापतिनगर, सिमरी, मनियारपुर, गढ़सीसई आदि स्थानों पर दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों को भव्य एवं आकर्षक रूप देने का कार्य तेज कर दिया गया है, वहीं मूर्तिकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। नवरात्रि के आगाज के साथ ही संपूर्ण प्रखंड क्षेत्र भक्ति भाव में सराबोर हो चुका है, वहीं चारों ओर भक्ति संगीत और दुर्गासप्तशती के पाठ की ध्वनि से वातावरण गुंजायमान हो उठा। प्रखंड के शेरपुर में कलश स्थापना से पूर्व सैकड़ों कन्याओं द्वारा गाजे बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा यात्रा निकाली गई। उधर मनोकामना मंदिर के रूप में प्रसिद्ध मऊ बाजार स्थित पुरानी दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष राज कुमार पाण्डेय ने बताया कि आज नवरात्रि के प्रथम दिन पंडित विनोद चन्द्र मिश्र व विमल मिश्र के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापित कर माता दुर्गा के प्रथम रूप शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गई। वहीं वैष्णवी दुर्गा मंदिर में पंडित मनोज मिश्र ने विधिवत कलश स्थापित कर माता दुर्गा का पूजन प्रारंभ किया। आरती के समय सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता दुर्गा की आराधना की। वहीं संध्या काल में सैकड़ों कन्याओं ने एक साथ मंदिर पहुंच कर माता के दरबार में आस्था का दीपक जलाया, एक साथ झिलमिलाते दीप अद्भुत छटा उत्पन्न कर रही थी। इस दौरान बाजार में खचाखच भीड़ देखी गई। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं के अलावा पूजा समिति से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें